प्रिय विद्यार्थियों,
‘‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’’ के आदर्श वाक्य के साथ जून 2018 में स्थापित शासकीय नवीन महाविद्यालय, कुई-कुकदूर में आपका स्वागत है। महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल अभिवृद्धि, मूल्यपरक शिक्षा तथा व्यक्तित्व निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।
महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत स्नातक स्तर पर बी.ए., बी.एस.सी. एवं बी.कॉम. तथा स्नातकोत्तर स्तर पर रसायनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, समाजशास्त्र एवं हिन्दी के पाठ्यक्रम संचालित हैं। विद्यार्थियों को विषय चयन, कौशल उन्नयन एवं मूल्य संवर्द्धन पाठ्यक्रमों के माध्यम से अपनी क्षमता विकसित करने का अवसर प्राप्त होता है।
महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब, योग एवं व्यायामशाला, बैडमिंटन कोर्ट, ग्रंथालय, प्रयोगशाला, गर्ल्स कॉमन रूम, इंग्लिश क्लिनिक, इंग्लिश स्पीकिंग क्लब तथा विद्यार्थी विकास कार्यक्रम जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने हेतु ‘‘सरस्वती मुक्ताकाश मंच’’ की स्थापना भी की गई है, जहाँ विद्यार्थी शिक्षकों से संवाद कर सकते हैं।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि महाविद्यालय में अध्ययन करते हुए विद्यार्थी उत्तम जीवन मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना को आत्मसात करेंगे तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
शुभकामनाओं सहित,
प्रो. (डॉ.) जी.ए. घनश्याम
प्राचार्य